राष्ट्रीय

कांग्रेस नेताओं और विधायकों को लुभाने की कोशिश कर रही है भाजपा: शिवकुमार

बेंगलुरु। कांग्रेस की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष एवं उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर उनकी पार्टी के नेताओं और विधायकों को लुभाने की कोशिश करने का शुक्रवार को आरोप लगाया। उन्होंने संकेत दिया कि वह भी चुप नहीं बैठे हैं और भाजपा के कई नेता उनके संपर्क में हैं। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार बृहस्पतिवार को कांग्रेस छोड़ फिर से भाजपा में शामिल हो गये थे। पिछले साल विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा द्वारा टिकट नहीं दिए जाने के बाद शेट्टार कांग्रेस में शामिल हो गए थे। शिवकुमार ने भाजपा पर कांग्रेस नेताओं को पार्टी में शामिल करने के लिए हरसंभव प्रयास करने का आरोप लगाया। उन्होंने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘मैं (भाजपा के) कई नेताओं के साथ बातचीत कर रहा हूं, कई लोग हमारी ओर देख रहे हैं, मैं उनके नाम उजागर नहीं करना चाहता।’’ भाजपा के कुछ नेताओं द्वारा कांग्रेस के कई नेताओं और विधायकों के संपर्क में होने का दावा करने के संबंध में शिवकुमार ने कहा, ‘‘क्या वे नहीं जानते कि मैं भी उनके संपर्क में हूं। क्या उन्होंने मुझे छोड़ दिया है? क्या मुझे सूची पढ़नी चाहिए…चलो अभी ऐसा नहीं करते।’’ शिवकुमार ने कहा कि शेट्टार भाजपा पर उनका अपमान करने और उनके साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाने के बाद बिना शर्त कांग्रेस में शामिल हुए थे। उन्होंने कहा कि उन्हें (शेट्टार) एक वरिष्ठ नेता मानते हुए कांग्रेस ने उन्हें विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए टिकट दिया और उनके लगभग 35,000 वोट के अंतर से चुनाव हारने के बावजूद पार्टी ने उन्हें विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) बना दिया। उन्होंने कहा, ‘‘पार्टी के एक निष्ठावान कार्यकर्ता को टिकट न देकर हमने उन्हें (शेट्टार) टिकट दिया और उनके साथ सम्मानपूर्वक व्यवहार किया… हमें इस बात की जानकारी थी कि पिछले दो-तीन महीनों से भाजपा नेता उनसे संपर्क कर रहे थे और वह कहते रहे कि वह पार्टी नहीं छोड़ेंगे। परसों मेरी उनसे बात हुई थी, लेकिन अचानक उन्होंने पार्टी छोड़ने की घोषणा कर दी।’’ कांग्रेस नेता शिवकुमार ने कहा कि शेट्टार ने भले ही पार्टी छोड़ दी है, लेकिन कांग्रेस एक महासागर की तरह है। उन्होंने कहा कि सैकड़ों लोग पार्टी में आ सकते हैं, और सैकड़ों लोग छोड़ सकते हैं, लेकिन कोई भी कांग्रेस का कुछ नहीं बिगाड़ सकता।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *