राष्ट्रीय

विपक्ष के खिलाफ पीएमएलए का दुरूपयोग किया जा रहा : शरद पवार

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के अध्यक्ष शरद पवार ने शनिवार को कहा कि उन्होंने संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के दौरान धन शोधन रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) में एक कड़े प्रावधान को लाए जाने को लेकर आगाह किया था और उनकी आशंका के अनुरूप सरकार बदलने पर अब इसका दुरुपयोग किया जा रहा है। शिवसेना (उबाठा) सांसद संजय राउत द्वारा लिखी मराठी किताब ‘नरकतला स्वर्ग’ (नरक के अंदर स्वर्ग) के विमोचन के अवसर पर उन्होंने कहा कि जब भी केंद्र में सरकार बदलेगी, तो कानून में संशोधन किया जाएगा। यह किताब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा कथित धन शोधन मामले में गिरफ्तार किए जाने के बाद राउत के जेल में बिताए अनुभवों के बारे में है। पवार ने कहा कि जब तत्कालीन केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम ने संप्रग सरकार के दौरान पीएमएलए में संशोधन का प्रस्ताव रखा था जिसमें गिरफ्तार व्यक्ति पर ही अपनी बेगुनाही साबित करने का भार डाला गया था, तो उन्होंने कैबिनेट सदस्य के तौर पर इसे लेकर आगाह किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *