राष्ट्रीय

झारखंड मंत्रिमंडल ने औद्योगिक टाउनशिप, 500 बिस्तरों वाले अस्पताल के प्रस्तावों को मंजूरी दी

झारखंड मंत्रिमंडल ने शुक्रवार को पूर्वी सिंहभूम जिले में जमशेदपुर औद्योगिक टाउनशिप और बोकारो जिले में 500 बिस्तरों वाला एक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल स्थापित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। हेमंत सोरेन सरकार ने सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के तहत मिलने वाला लाभ लाभार्थी परिवार की सभी लड़कियों को देने का फैसला किया है। पहले यह केवल दो बेटियों तक ही सीमित था। इस योजना का उद्देश्य किशोरियों की शिक्षा को सुविधाजनक बनाना है। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की बैठक हुई। कैबिनेट सचिव वंदना दादेल ने कहा कि यह टाउनशिप पूर्वी सिंहभूम जिले में जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) के अतंर्गत 15,725 एकड़ भूखंड पर बनेगी। दादेल ने कहा, इस कार्य के लिए एक जमशेदपुर औद्योगिक नगर समिति बनाने का भी प्रस्ताव रखा गया है, जिसमें छह सदस्य राज्य सरकार से, 10 सदस्य टाटा स्टील से और 10 स्थानीय प्रतिनिधि शामिल होंगे। मंत्रिमंडल ने बोकारो जिले में 500 बिस्तरों वाला एक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल बनाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। कैबिनेट सचिव ने कहा कि यह अस्पताल 688 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से बनेगा। मंत्रिमंडल ने सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना में संशोधन समेत 23 प्रस्तावों को मंजूरी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *